पटना के अधिवेशन भवन में दो दिवसीय कार्यशाला का आगाज
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित अधिवेशन भवन में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला-सह-चिंतन शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने संयुक्त रूप से लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव द्वारा संपादित ‘वंदे मातरम्’ बुकलेट तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक ‘वंदे मातरम् : स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और भारत माता की अमर पुकार’ का लोकार्पण किया।
राज्य में 1001 मॉडल स्कूल विकसित करने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल और आधुनिक अवसरों से जोड़ना सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार ऐसी शिक्षा व्यवस्था का निर्माण कर रही है जिससे राज्य के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। इसी उद्देश्य से बिहार में 1001 मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं।
तकनीक बनेगी शिक्षकों की सहयोगी: शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि एआई (AI) जैसी आधुनिक तकनीक कभी शिक्षक का स्थान नहीं ले सकती, बल्कि यह अध्यापकों के लिए एक सहयोगी के रूप में काम करेगी। उन्होंने मातृभाषा में तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। इस दो दिवसीय मंथन शिविर में बिहार शिक्षा सेवा के अधिकारियों और डायट (DIET) प्राचार्यों समेत 322 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद (पटना)