ठाणे मनपा और बिसलेरी इंटरनेशनल का संयुक्त उपक्रम
ठाणे महानगरपालिका के शिक्षा विभाग और बिसलेरी इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में स्कूली विद्यार्थियों के बीच प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘बॉटल्स फॉर चेंज’ अभियान की शुरुआत की गई है। ठाणे मनपा के स्व. नरेंद्र बल्लाळ सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में महापौर शर्मिला पिंपळोलकर के हाथों इस विशेष अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
प्लास्टिक संग्रह के लिए डिजिटल पासबुक और ऐप आधारित निगरानी
इस अभियान के तहत विद्यार्थी प्लास्टिक की खाली बोतलें, चॉकलेट व वेफर्स के रैपर, प्लास्टिक बैग, मोबाइल कवर और खिलौने जैसे प्लास्टिक कचरे को अलग से एकत्र कर रिसाइक्लिंग के लिए भेजेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी स्कूल को एक विशेष पासबुक दी गई है, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा एकत्र किए गए कचरे का हिसाब रहेगा। इसके अलावा, प्लास्टिक संग्रहण की निगरानी मोबाइल ऐप से डिजिटल रूप से की जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में सभागृह नेता हणमंत जगदाळे, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त डॉ. मिताली संचेती, शिक्षणाधिकारी शेषराव बढे, बिसलेरी इंटरनेशनल के सीईओ डॉ. एंजेलो जॉर्ज और बिसलेरी प्रतिनिधि राहुल पाटील सहित कई अधिकारी, शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे। अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत बच्चों से ही होनी चाहिए ताकि समाज में स्थायी बदलाव लाया जा सके।