शिरसाड फाटा के पास बिछाया गया था जाल
वसई क्राइम ब्रांच की अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-2 ने फर्जी नोटों के एक बड़े काले कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 10 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शिरसाड फाटा इलाके में कड़ी निगरानी रखी गई। इस दौरान सफेद रंग की किआ सेल्टॉस (KIA Seltos) कार से पहुंचे संदिग्ध को हिरासत में लेकर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए।
बरामद हुई 19 हजार से अधिक नकली नोटें
आरोपी की कार और पास से ₹500 के मूल्यवर्ग की कुल 19,582 नकली नोटें बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत ₹97,91,000 (नब्बे लाख इक्यानवे हजार रुपये) आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत पूरी जाली करेंसी और वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मांडवी पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हो सकते हैं तार
क्राइम ब्रांच कक्ष-2 अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट कहां छापे गए और इन्हें बाजार में खपाने के पीछे किन-किन लोगों का हाथ है। पुलिस को अंदेशा है कि इस रैकेट के तार किसी बड़े अंतरराज्यीय जाली नोट गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, जिसको लेकर आगे की जांच तेजी से जारी है।
संवाददाता: साहिल यादव