रमेदी चर्च होली इलाके में हुआ दर्दनाक हादसा
वसई क्षेत्र में मंगलवार को दिनभर हुई मूसलाधार बारिश के बीच एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। वसई पश्चिम के रमेदी चर्च होली इलाके में एक पुराना कौलारू मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में घर के भीतर मौजूद 71 वर्षीय वृद्ध महिला मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
अग्निशमन दल ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मृतक महिला की पहचान शशिकला अरुण पाटील (71) के रूप में हुई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुराने कौलारू घर का ढांचा बेहद कमजोर हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने तेजी से मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जर्जर और पुराने मकानों को लेकर प्रशासन की अपील
बारिश के मौसम में पुराने और जर्जर मकानों के गिरने से हुई इस दुर्घटना ने स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद वसई-विरार महानगरपालिका प्रशासन ने जर्जर इमारतों और पुराने कौलारू घरों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित होने की अपील की है।