न्यायालय के आदेश पर प्रशासन की मौजूदगी में हुई नष्टीकरण की कार्रवाई
बरेली/मीरगंज: बरेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन 3.0’ अभियान के तहत मीरगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय जेएम (बरेली) से थाना मालखाने में दाखिल आबकारी अधिनियम से जुड़े 90 माल मुकदमों के विनिष्टिकरण का आदेश 30 जुलाई 2026 को प्राप्त हुआ था। इसी आदेश का अनुपालन करते हुए बुधवार को प्रशासनिक टीम की उपस्थिति में बड़ी मात्रा में जब्त अवैध शराब और निर्माण उपकरणों को गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
हजारों लीटर अवैध शराब, भट्टी और केमिकल किए गए नष्ट
इस पूरी कार्रवाई में कुल 90 मुकदमों से जुड़ी अवैध सामग्री नष्ट की गई, जिसमें 536 लीटर अवैध कच्ची शराब, 2526 पव्वे देशी शराब, हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब (414 बोतल, 813 हाफ, 5835 क्वार्टर), 760 लीटर इथाइल/स्प्रिट एल्कोहल शामिल हैं। इसके अलावा 390 ढक्कन, 2000 सुपीरियर ब्रांड ढक्कन, 500 खाली शीशी, 5.5 किग्रा यूरिया, 100 ग्राम नौसादर और 14 मुकदमों से संबंधित शराब भट्टियों व उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया।
उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई पूरी प्रक्रिया
एसडीएम मीरगंज द्वारा गठित विशेष टीम की निगरानी में यह कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इस मौके पर सीओ मीरगंज अजय कुमार, आबकारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह, एसएचओ मीरगंज रवि कुमार तथा हेड मोहर्रिर दीपक मलिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
संवाददाता: लादेन मंसूरी (मीरगंज, बरेली)