महापौर की मध्यस्थता में हुई बैठक में बनी सहमति
वसई-विरार: परिवहन कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। 12 अगस्त 2026 को वसई-विरार महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर अजीव पाटील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के दौरान कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच आम सहमति बन गई। इसके साथ ही वसई-विरार शहर की बस परिवहन सेवा को दोबारा नियमित रूप से बहाल कर दिया गया है।
ओवरटाइम भुगतान और वेतन वृद्धि समेत 13 मांगें स्वीकार
बैठक के दौरान कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत की गई कुल 13 मांगों को ठेकेदार ने स्वीकार कर लिया है। इसमें अतिरिक्त कार्य के लिए अनिवार्य ओवरटाइम भुगतान और वेतन वृद्धि जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों ने मांगों पर सहमति बनने के बाद अपना आंदोलन आधिकारिक रूप से वापस ले लिया।
प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में महापौर अजीव पाटील, उप-महापौर मार्शल लोपीस, स्वास्थ्य समिति सभापति निलेश देशमुख, नगरसेवक प्रशांत राऊत, रोहन सावंत, सचिन देसाई, परिवहन प्रबंधक धैर्यशील जाधव और अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत सहित ठेकेदार व कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मनपा प्रशासन ने दोहराया कि नागरिकों को सुरक्षित और नियमित परिवहन सेवा देना उनकी पहली प्राथमिकता है।
संवाददाता: साहिल यादव (वसई-विरार)