संवाददाता: शम्भू
स्थान: सराय ख्वाजा, जौनपुर
जौनपुर: जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित चकवा गांव में सोमवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। घर में पंखा लगाते समय बिजली का तेज करंट लगने से क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) की दर्दनाक मौत हो गई।
पंखा लगाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकवा गांव के रहने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश कुमार बिंद (32 वर्ष), पुत्र स्व. लालता प्रसाद बिंद, सोमवार को अपने घर में पंखा सही कर रहे थे। इसी दौरान वे गलती से नंगे तार या बिजली के करंट के संपर्क में आ गए।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
करंट लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने जब उन्हें अचेत अवस्था में देखा तो तत्काल उन्हें जिला अस्पताल जौनपुर लेकर भागे। हालाँकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
32 वर्षीय राजेश कुमार बिंद के निधन से उनके दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि शोक जताने परिजनों के घर पहुंचे।