पालघर में भारी बारिश से खस्ताहाल सड़कों पर विधायक विलास तरे का कड़ा रुख: अफसरों को दिए तत्काल गड्ढामुक्त करने के निर्देश |

Share:

रिपोर्टर: तृप्ति प्रमाण (पालघर)

पालघर जिले में हाल ही में हुई मूसलाधार और अतिवृष्टि के कारण बोईसर विधानसभा क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों की सड़कों की हालत बेहद खस्ता हो गई है। जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों के कारण स्थानीय ग्रामीणों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोईसर के विधायक विलास तरे ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को युद्धस्तर पर गड्ढे भरने और मरम्मत कार्य तुरंत पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

विश्रामगृह में बुलाई समीक्षा बैठक, सड़कों की स्थिति पर मंथन पालघर स्थित सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के सरकारी विश्रामगृह में विधायक विलास तरे की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पीडब्ल्यूडी, जिला परिषद, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाले सभी प्रमुख और संपर्क मार्गों की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।

“नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं” – विलास तरे बैठक में विधायक तरे ने स्पष्ट कहा कि पालघर और वसई तालुका के अंतर्गत आने वाले कई मुख्य मार्ग बारिश की वजह से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सड़कों पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए बिना किसी प्रशासनिक हीला-हवाली के गड्ढों की मरम्मत की जाए।

प्रमुख ग्रामीण मार्गों और संपर्क विहीन पाड़ों पर हुई विशेष चर्चा समीक्षा बैठक के दौरान भालीवली-आडणे-वडघर-कलभोण, सायवन-मेढे, दुर्वेश-आंबूर और चहाडे-तांदुळवाडी जैसे प्रमुख ग्रामीण मार्गों की मरम्मत पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, मुख्य सड़कों से अब तक वंचित रहे आदिवासी पाड़ों को पक्की सड़कों से जोड़ने की योजना पर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग और जिला परिषद के कई वरिष्ठ अधिकारी व अभियंता मौजूद रहे।

Share: