मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिसमें पालघर जिले के आदिवासी बहुल जव्हार और डहाणू क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलाव शामिल हैं।
सिंधुदुर्ग और संभाजीनगर में नए अधिकारियों की तैनाती प्रेस नोट के मुताबिक, सिंधुदुर्ग जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद पर कार्यरत रवींद्र खेबुडकर (IAS:SCS:2015) का तबादला कर उन्हें पुणे स्थित भूजल सर्वेक्षण एवं विकास एजेंसी (जीएसडीए) का आयुक्त बनाया गया है। वहीं, जीएसडीए के निवर्तमान आयुक्त गजेंद्र बावणे (IAS:SCS:2016) को छत्रपति संभाजीनगर में महावितरण का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, जव्हार की पूर्व परियोजना अधिकारी डॉ. अपूर्वा बसुर (IAS:RR:2022) को अब सिंधुदुर्ग जिला परिषद के सीईओ पद की कमान सौंपी गई है।
पालघर और यवतमाल में मिली नई जिम्मेदारियां पालघर जिले के डहाणू में परियोजना अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर के रूप में कार्यरत विशाल खत्री (IAS:RR:2022) को प्रोन्नति/तबादले के तहत यवतमाल जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। विशाल खत्री की जगह अब डोनुरु अनन्या रेड्डी (IAS:RR:2024) को डहाणू में नया परियोजना अधिकारी और सहायक कलेक्टर बनाया गया है। इसी तरह, जव्हार की एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना का दायित्व पी.के. सिद्धार्थ रामकुमार (IAS:RR:2024) को सौंपा गया है।
अन्य जिलों में भी हुई सहायक कलेक्टरों की नियुक्ति राज्य सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, कुश मोटवानी को वर्धा, आकाश वर्मा को गोंडपिंपरी (चंद्रपुर), नंदला साईकिरण को भंडारा और योगेश कुमार मीना को जलगांव में सहायक कलेक्टर पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा शिवांश सिंह को गडचिरोली जिले के अहेरी में परियोजना अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर की अहम जिम्मेदारी दी गई है। इन बदलावों से विशेष रूप से राज्य के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।