ASDD श्रेणी के मतदाताओं के गणना फॉर्म का वितरण और संग्रह 30 नवंबर तक; पालघर जिलाधिकारी ने मतदाताओं से सहयोग की अपील की
पालघर : भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र सहित सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम की समयसीमा में संशोधन किया है। आयोग ने 17 नवंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 23/2026-ERS (Vol. II) के माध्यम से संशोधित कार्यक्रम घोषित किया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले) मतदाताओं के गणना फॉर्म तैयार करने और उनकी छपाई का कार्य 18 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। इन फॉर्मों का वितरण और संग्रह 18 से 30 नवंबर तक होगा, जबकि इनके निस्तारण की अंतिम तारीख 10 दिसंबर निर्धारित की गई है।
दावे और आपत्तियों का निस्तारण 15 दिसंबर तक
मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 15 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
यह संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, दिल्ली, नागालैंड, तेलंगाना, हरियाणा और झारखंड में भी लागू होगा।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से की सहयोग की अपील
पालघर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज रानडे ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को आवश्यक जानकारी और दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदाताओं को अंतिम सूची के प्रकाशन के लिए 22 दिसंबर तक इंतजार करना होगा।


