संवाददाता: लादेन मंसूरी
स्थान: बरेली (मीरगंज)
बरेली: आगामी पवित्र त्योहार ‘बारावफात’ को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर बरेली जिले के मीरगंज थाना परिसर में आज एक महत्वपूर्ण ‘पीस कमेटी’ (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक सतर्कता, आपसी समन्वय और जनविश्वास की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
प्रशासनिक दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी
बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निधि शुक्ला ने की। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) मीरगंज तथा थाना प्रभारी (एसएचओ) रवि कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न अंजुमनों के अध्यक्ष, धर्मगुरु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
एसडीएम निधि शुक्ला और एसएचओ रवि कुमार की तारीफ
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला के सौम्य व्यवहार, प्रशासनिक अनुभव और त्वरित निर्णय क्षमता की लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। एसडीएम निधि शुक्ला ने सभी क्षेत्रवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की।
वहीं, थाना प्रभारी (एसएचओ) रवि कुमार की क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखने और पुलिस के प्रति जनविश्वास बढ़ाने की कार्यशैली की भी जमकर तारीफ हुई। उपस्थित नागरिकों ने कहा कि ऐसे जनहितैषी और मुस्तैद अधिकारियों की मौजूदगी में हर त्योहार शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न होता है।
कोई समस्या नहीं, जनता ने जताया पूर्ण संतोष
संवाद के दौरान विभिन्न अंजुमनों के प्रमुखों और संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की तैयारियों पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत या समस्या प्रस्तुत नहीं की गई। सभी ने एक स्वर में आश्वस्त किया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बारावफात का पर्व आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
बैठक के अंत में अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस-प्रशासन को सूचित करें।