जौनपुर

जौनपुर: पंखे से करंट लगने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत, परिवार में छाया मातम |

सराय ख्वाजा के पताहना गांव की घटना

जौनपुर जिले के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत पताहना गांव में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। घर में लगे पंखे की चपेट में आने से 5 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पताहना गांव के निवासी सुरेंद्र गौतम की 5 वर्षीय पुत्री सान्वी गौतम अचानक घर में चल रहे पंखे के करंट की चपेट में आ गई। करंट का झटका इतना तेज था कि बच्ची बुरी तरह झुलस गई। परिजन और स्थानीय ग्रामीण बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी आस जगाए परिजन बच्ची को पास के एक निजी अस्पताल ‘आशीर्वाद’ ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया।

बिना पुलिस सूचना के किया गया अंतिम संस्कार

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से स्तब्ध परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे के संबंध में जब सराय ख्वाजा थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडे से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका।

संवाददाता: शम्भू (जौनपुर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।