अपहृत दोनों बालक सकुशल मुक्त
पालघर जिले की जव्हार पुलिस ने दो नाबालिग बच्चों के अपहरण और जबरन बाल मजदूरी कराए जाने के संगीन मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सचिन नारायण धसाडे को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट ने 7 अगस्त 2026 तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
वेतन का लालच देकर बनाया बंधक
पुलिस जांच के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को जव्हार तहसील के धारणहट्टी से 12 और 15 वर्ष के दो मासूम अचानक लापता हो गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी सचिन ने बच्चों को 5,000 रुपये प्रति माह देने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर वाडा तहसील स्थित अपने पोल्ट्री फार्म ले गया। वहां उसने बच्चों से जबरन मजदूरी कराई। जब बच्चों ने घर जाने की जिद की, तो आरोपी ने उन्हें दो दिनों तक बंधक बनाकर रखा।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
एसपी यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी कर बच्चों को छुड़ाया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के साथ-साथ बाल श्रम प्रतिषेध अधिनियम और बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाल मजदूरी की सूचना तुरंत 112 पर दें।
संवाददाता: पराग यादव (पालघर)