मुरादाबाद (संवाददाता: अंकित पाल – तृप्ति प्रमाण):
पीतल नगरी मुरादाबाद और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने वाले प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाज सेवी डॉ. विशेष कुमार गुप्ता को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘भारत प्रतिभा सम्मान 2026’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, बाल अधिकार संरक्षण, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अद्वितीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राजधानी में दिग्गज हस्तियों ने किया सम्मानित
नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित ‘कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामय राष्ट्रीय समारोह के दौरान डॉ. गुप्ता को इस सम्मान से विभूषित किया गया। पूर्व थल सेनाध्यक्ष व अरुणाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल जनरल जोगिंदर जसवंत सिंह तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने संयुक्त रूप से डॉ. विशेष कुमार गुप्ता को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मंच पर मौजूद गणमान्य अतिथियों ने डॉ. गुप्ता के दीर्घकालिक सामाजिक सरोकारों और अथक प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
37 वर्षों का समृद्ध अनुभव और राष्ट्र निर्माण में भूमिका
डॉ. विशेष कुमार गुप्ता वर्तमान में ‘विद्या भारती’ (पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र) के क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षण, शोध, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उन्हें लगभग 37 वर्षों का विशाल अनुभव प्राप्त है। वे हमेशा से शिक्षा को केवल ज्ञानार्जन का साधन न मानकर सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम मानते आए हैं।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग के रह चुके हैं अध्यक्ष
गौरतलब है कि डॉ. विशेष कुमार गुप्ता उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बाल अधिकारों के संवर्धन, बच्चों के कल्याण और सुरक्षा से जुड़े कई क्रांतिकारी फैसले लिए थे। उनकी इस नई उपलब्धि पर मुरादाबाद सहित पूरे प्रदेश के शिक्षा जगत और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है।