---Advertisement---

विरार के ‘शुभ सागर होटल’ पर FDA का बड़ा छापा, पनीर और मसालों के सैंपल जब्त |

---Advertisement---

विरार: वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर पालघर खाद्य एवं औषध प्रशासन (FDA) विभाग की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। मंगलवार शाम को FDA की टीम ने विरार पश्चिम के यशवंत गौरव परिसर में स्थित ‘शुभ सागर होटल’ पर एक बड़ी छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया।

गंदगी और मक्खियों की मिली थी शिकायत

सूत्रों के अनुसार, इस होटल में परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता को लेकर विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ग्राहकों ने खाने में मक्खियां मिलने और रसोईघर में अस्वच्छता के आरोप लगाए थे। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के होटल पर दबिश दी।

किचन और स्टोर रूम की हुई सघन जांच

निरीक्षण के दौरान FDA की टीम ने होटल के किचन, स्टोर रूम और वहां मौजूद कच्चे माल की गहन जांच की। इस दौरान पनीर, मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने (सैंपल) संग्रहित किए गए। अधिकारियों ने रसोईघर की सफाई व्यवस्था और खाद्य सामग्री के रखरखाव के मानकों की भी पड़ताल की, जिसमें प्रारंभिक तौर पर कुछ अनियमितताएं पाई गई हैं।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी कावले ने जानकारी देते हुए बताया कि होटल से लिए गए सभी नमूनों को रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। लैब रिपोर्ट में दोष साबित होने पर होटल प्रबंधन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है।

विभाग की नागरिकों से अपील

खाद्य विभाग ने आम जनता से अनुरोध किया है कि यदि वे किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या स्ट्रीट फूड स्टॉल पर स्वच्छता के नियमों का उल्लंघन होते देखें, तो तुरंत इसकी शिकायत संबंधित विभाग से करें ताकि समय रहते उचित कदम उठाया जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh