जौनपुर। जनपद के बरसठी थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ननिहाल में रह रहे एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ के फंदे से लटकता हुआ पाया गया। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
मूल रूप से वाराणसी का निवासी था मृतक, दो शादियां करने की बात आई सामने
मृतक की पहचान 55 वर्षीय राय साहब चौहान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वाराणसी जिले के सिधौरा थाना क्षेत्र के करेमुआं गांव का रहने वाला था। राय साहब पिछले काफी समय से जौनपुर के बरसठी स्थित गनेशपुर गांव में अपने ननिहाल में रह रहा था। स्थानीय सूत्रों और पारिवारिक जानकारी के अनुसार, मृतक ने दो शादियां की थीं। उसकी एक पत्नी अपने मायके में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी गनेशपुर में उसी के साथ रह रही थी।
सुबह तड़के ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ निकले, तो उन्होंने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ पर फंदे के सहारे राय साहब का शव लटकते हुए देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मृतक के परिजनों और बरसठी थाना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बरसठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है, इसकी गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।