जौनपुर

उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज जौनपुर में ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’ पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न, नुक्कड़ नाटक रहा मुख्य आकर्षण

प्रिंसिपल डॉ. आर.बी. कमल ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

जौनपुर स्थित उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 6 अगस्त 2026 को ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’ के तहत एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के दिशानिर्देश और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘जीवन की स्वस्थ और सुरक्षित शुरुआत के लिए स्तनपान’ रखी गई है।

मां का दूध नवजात के लिए सर्वोत्तम उपहार

संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ममता और स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता पाण्डेय ने बताया कि जन्म के पहले 6 महीनों तक शिशु को केवल मां का दूध ही दिया जाना चाहिए। यह नवजात को आवश्यक पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता और भावनात्मक सुरक्षा प्रदान करता है। डॉ. श्वेता सिंह और डॉ. पूजा पाठक ने सही तकनीक से स्तनपान कराने और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने पर बल दिया।

एमबीबीएस छात्रों के नुक्कड़ नाटक ने मोहा मन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से व्यस्त जीवनशैली के कारण शिशुओं के पोषण में होने वाली लापरवाही और स्तनपान से जुड़े भ्रमों पर प्रभावी प्रहार किया गया। इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह सहित संस्थान के अनेक डॉक्टर, चिकित्सा शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा मरीज व उनके परिजन उपस्थित रहे।

संवाददाता: शम्भू (जौनपुर)

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।