जौनपुर (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)। जिले के बरसठी पुलिस स्टेशन से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ पदस्थ एक पुलिस जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में जवान को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया है, जहाँ वे जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
पारिवारिक तनाव के चलते उठाया खौफनाक कदम
प्राप्त विवरण के अनुसार, मूल रूप से पड़ोसी जिले मिर्जापुर के रहने वाले आरक्षी विवेक गौड़ बरसठी थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से गंभीर पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे थे। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि घरेलू अनबन के कारण ही उन्होंने थाना परिसर के भीतर यह आत्मघाती कदम उठाया। जहर के असर से अचानक उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई।
बीएचयू से निजी अस्पताल रेफर, हालत गंभीर
साथी कर्मियों ने आनन-फानन में अचेत विवेक को स्थानीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत बीएचयू (वाराणसी) के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
जौनपुर से ब्यूरो चीफ
दिलीप कुमार
तृप्ति प्रमाण