सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन का संदेश; वाहन चालकों सहित आमजन की निःशुल्क नेत्र जांच भी की जा रही है
जौनपुर : सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर की ओर से 28 नवंबर 2026 को गांवों और मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का संचालन सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी डॉ. मुदित चौहान ने किया।
इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा का विषय : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा करना है। एक छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और तेज गति तथा मोबाइल के प्रयोग से बचना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में वाहन चालकों सहित आमजन की निःशुल्क नेत्र जांच की जा रही है। लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। चिकित्सकों की टीम गांवों में जाकर भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।
प्रधानाचार्य ने भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित घर पहुंचना ही परिवार के लिए सबसे बड़ा उपहार है। यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।
सड़क सुरक्षा को दैनिक आदत बनाने की अपील
सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी डॉ. मुदित चौहान ने अपने संबोधन में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों के प्रति सजग रहने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी बनाए रखना जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत बनाएं। छोटी-सी सावधानी किसी परिवार को जीवनभर का दुख झेलने से बचा सकती है।
सड़क सुरक्षा सामुदायिक स्वास्थ्य का भी महत्वपूर्ण विषय
कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय भी है।
उन्होंने बताया कि उनका विभाग गांवों और समुदाय के बीच जाकर लोगों को जागरूक करने, सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति शिक्षित करने का कार्य कर रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि जागरूकता दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण का मजबूत माध्यम है। प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित यातायात को अपनी आदत बनाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली असमय मौतों और परिवारों की पीड़ा को रोका जा सके।
चिकित्सक और कर्मचारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर डॉ. सरिता पाण्डेय, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. नवीन सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. आदर्श मौर्य, डॉ. आसिया सहित अन्य चिकित्सक, कर्मचारी, मरीज और उनके तीमारदार उपस्थित रहे।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा


