सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत मेडिकल कॉलेज जौनपुर में जागरूकता अभियान, नागरिकों को बताए यातायात नियम |

Share:

16 से 30 नवंबर तक चल रहे अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और जेब्रा क्रॉसिंग के सही उपयोग की दी गई जानकारी

जौनपुर : सड़क सुरक्षा पखवाड़ा (16 नवंबर से 30 नवंबर 2026) के अंतर्गत उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के मुख्य मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों, वाहन चालकों और अन्य लोगों को सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी डॉ. मुदित चौहान ने किया। उन्होंने लोगों को यातायात संकेतों की जानकारी देते हुए जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के महत्व को समझाया।

डॉ. चौहान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करतीं, बल्कि पूरे परिवार पर गंभीर असर डाल सकती हैं। थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकता है।

उन्होंने बताया कि तेज गति, लापरवाही, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

आंखों की जांच और स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से सड़क सुरक्षा के मद्देनजर अपनी आंखों की जांच और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कराने की अपील की गई।

लोगों को बताया गया कि कमजोर दृष्टि और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं वाहन चलाते समय दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। इसलिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराना और अपनी दृष्टि व स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना भी सुरक्षित यातायात का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ और सतर्क चालक सड़क सुरक्षा में अहम योगदान दे सकता है।

इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अनिल कुमार, इंटर्न चिकित्सक और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा
तृप्ति प्रमाण – राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक

Share: