जौनपुर : संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से रामनाथ पीजी कॉलेज, जौनपुर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूथ आइकन अनूप मौर्य ने कहा कि भारत एकता और अखंडता का प्रतीक है। संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए युवाओं को शिक्षा, अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इरशाद अहमद ने की। इस अवसर पर डॉ. रेनू गुप्ता, ज्योति तिवारी, संध्या श्रीवास्तव एवं लाइबा फातिमा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
वक्ताओं ने युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन माय भारत के स्वयंसेवक सुमित सिंह ने किया, जबकि सर्वेश मौर्य ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा


