कलश उद्घाटन के बाद हाईडिल चौराहे से रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा, प्रमुख मार्गों से होकर वापस पहुंची कार्यक्रम स्थल

Share:

जौनपुर, 7 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में बुधवार को बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। हाईडिल चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम के बाद कलश का विधिवत उद्घाटन किया गया और हरी झंडी दिखाकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी रहे, जबकि संचालन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबिन के संबोधन के सीधे प्रसारण से हुई। शीर्ष नेतृत्व का संदेश सुनने के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि, जिलाध्यक्ष और मंचस्थ अतिथियों ने चौराहे पर स्थापित कलश का उद्घाटन किया। हरी झंडी दिखाए जाने के बाद ‘सेवा ही संगठन’ और राष्ट्र सेवा के नारों के बीच यात्रा रवाना हुई। रास्ते में स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा

सेवा ज्योति यात्रा हाईडिल चौराहे से शुरू होकर अंबेडकर चौराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, लाइन बाजार तिराहा और खरका कॉलोनी होते हुए वापस हाईडिल चौराहे पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

‘सेवा ही संगठन’ भाजपा का मूल मंत्र

मुख्य अतिथि शंकर गिरी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘सेवा ही संगठन’ है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की रीढ़ उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता और विकास पहुंचाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र पर काम कर रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ सरकार के कार्यों को जनता तक ले जाना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, सीमा द्विवेदी, कृपाशंकर सिंह, सुषमा पटेल, मनोरमा मौर्य, सुरेंद्र प्रताप सिंह, अजय सिंह, पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, संदीप तिवारी, अमित श्रीवास्तव, परविंदर चौहान, नीरज मौर्य, विकास शर्मा, अंशु कुशवाहा, धर्मेंद्र मिश्र, आमोद सिंह, अमरनाथ पांडेय, रामसूरत मौर्य, रोहन सिंह और घनश्याम यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share: