मुंबई के मीरा रोड इलाके में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, काशीगांव थाना इलाके में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दाराज ढाबा के पास स्थित ‘सी क्वीन पैलेस’ नाम के इस बार पर छापा मारा गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने बार में मौजूद 12 महिलाओं को वहां से मुक्त कराया है।
डीसीपी के निर्देशन में चला अभियान
यह छापेमारी मीरा-भाईंदर-वसई-विरार (MBVV) पुलिस आयुक्तालय की परिमंडल-1 की टीम ने की। डीसीपी राहुल चव्हाण के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने बार के एक कैशियर और आठ वेटरों को हिरासत में लिया है। जबकि बार का मालिक और मैनेजर पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गए।
नकदी और अवैध शराब का स्टॉक जब्त
पुलिस ने बार परिसर की तलाशी ली, जहां से 50 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। इसके साथ ही अवैध रूप से रखी गई भारी मात्रा में व्हिस्की और बीयर की खेप भी जब्त की गई है।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार बार संचालक की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।