मुरादाबाद (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो):
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में विकास के दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। सरदारनगर को कांकरखेड़ा गांव से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले पांच वर्षों से जलभराव और बदहाली का शिकार है। हालात इतने बदतर हैं कि पूरी सड़क पर करीब दो फीट तक गंदा पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जिंदगी दूभर हो गई है।
प्राथमिक विद्यालय और कब्रिस्तान का रास्ता भी बाधित
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी मुख्य मार्ग से होकर गांव के प्राथमिक विद्यालय और कब्रिस्तान तक जाया जाता है। मार्ग पर हर समय कीचड़ और जलभराव रहने से छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गंदे पानी के बीच से गुजरने के कारण बच्चों में गंभीर बीमारियों के फैलने का डर लगातार बना हुआ है।
रोजाना हो रहे हादसे, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
सड़क पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन आए दिन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई लोग चोटिल हो चुके हैं और वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, लंबे समय से रुके हुए पानी की वजह से क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की बेरुखी से आक्रोश
ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को इस स्थिति से अवगत कराया, लेकिन आज तक केवल आश्वासन ही मिला। लंबे समय से बनी इस समस्या की जांच की मांग करते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की अपील की है।
संवाददाता: अंकित पाल (मुरादाबाद)