वसई (तृप्ति प्रमाण): वसई पश्चिम के कळंब स्थित ‘तुलसी रिसॉर्ट’ में देर रात एक खौफनाक वारदात सामने आई है। भिवंडी से छुट्टी मनाने आए पर्यटकों के एक समूह में से एक युवक ने अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर अवैध देशी पिस्तौल से हवा में गोली चला दी। गश्त पर तैनात अर्नाला सागरी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
गश्त पर निकली पुलिस ने सुनी गोली की आवाज, जांच में खुला राज
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात की है जब भिवंडी से आए पर्यटकों का एक गुट रिसॉर्ट परिसर में पार्टी कर रहा था। इसी दौरान संदेश गुरव नाम के युवक ने अपनी अवैध पिस्तौल निकालकर हवा में फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को लगी नहीं। उसी समय इलाके में नाइड पेट्रोलिंग कर रही अर्नाला सागरी पुलिस टीम को अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुलिस ने बिना वक्त गंवाए रिसॉर्ट पर धावा बोला।
शुरुआत में नकारते रहे आरोपी, खाली कारतूस ने खोला पोल
पुलिस टीम जब रिसॉर्ट पहुंची, तो वहां मौजूद पर्यटकों ने फायरिंग की घटना से साफ इंकार कर दिया। हालांकि, सतर्क पुलिस अधिकारियों ने जब घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया, तो उन्हें जमीन पर पड़ा एक खाली कारतूस (खोका) मिल गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी संदेश गुरव ने शराब के नशे में हवाई फायरिंग करने की बात कबूल कर ली।
अवैध हथियार के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
अर्नाला सागरी पुलिस ने आरोपी संदेश गुरव को तुरंत हिरासत में लेकर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम (Arms Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आरोपी के पास यह अवैध देशी पिस्तौल कहां से आई, इसे सप्लाई करने वाला कौन था और क्या इसका इस्तेमाल किसी पूर्व आपराधिक घटना में भी किया गया है।