---Advertisement---

नालासोपारा में रफ्तार का कहर और गुंडागर्दी: सड़क का पानी उड़ने पर टोका, तो युवक को हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से लहूलुहान किया |

---Advertisement---

नालासोपारा: नालासोपारा पश्चिम इलाके में रोड रेज और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। साई अभूदय सोसायटी क्षेत्र में मात्र एक मामूली सी बात पर कुछ युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। वाहन चलाते समय बरती गई लापरवाही का विरोध करने पर दबंगों ने हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से युवक को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। इस हिंसक वारदात के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

बाइक की रफ्तार और सड़क का गंदा पानी बना विवाद की वजह

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 30 वर्षीय पीड़ित अजय अमर सिंह पांचाल ने बताया कि 7 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे वह अपने दोस्त प्रशांत दवे के साथ सोसायटी के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक पीले रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से वहां से गुजरे। बाइक की स्पीड इतनी तेज थी कि सड़क पर जमा बारिश का गंदा पानी उछलकर सीधे अजय के कपड़ों पर आ गिरा। इस पर अजय ने बाइक सवार को टोकते हुए बस इतना कहा कि गाड़ी जरा देखकर और सावधानी से चलाया करो।

साथियों को बुलाकर किया जानलेवा हमला, दोस्त की पत्नी को भी दी धमकी

लापरवाही पर टोकना बाइक सवार युवकों को नागवार गुजरा। वे उस वक्त तो वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद अपने अन्य साथियों और हथियारों के साथ वापस लौटे। आते ही आरोपियों ने अजय के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने अपने पास रखी हॉकी स्टिक, लोहे की रॉड और भारी लकड़ी के डंडों से अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में अजय के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। जब उसके दोस्त प्रशांत दवे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो गुंडों ने उसे भी बुरी तरह पीटा और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकियां दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

नालासोपारा पुलिस ने पीड़ित अजय पांचाल की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही तीनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh