नई कहानी और नए किरदारों के साथ लौट रही है सृति झा और शब्बीर अहलूवालिया की जोड़ी; प्रोमो ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई
साहिल यादव | राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण
टेलीविजन की चर्चित जोड़ी सृति झा और शब्बीर अहलूवालिया एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। प्रोड्यूसर प्रतीक शर्मा और पार्थ शाह के प्रोडक्शन हाउस स्टूडियो एलएसडी के बैनर तले बन रहे शो ‘ओ हमनवा! तुम देना साथ मेरा’ के दूसरे सीजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में जारी हुए नए प्रोमो ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

इस बार शो में सृति झा वकील राधिका के किरदार में दिखाई देंगी, जबकि शब्बीर अहलूवालिया सुपरस्टार कृष्ण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। दोनों कलाकारों के किरदार पहले सीजन से बिल्कुल अलग होंगे। नए सीजन में दर्शकों को एक नई कहानी, नए रिश्ते और अलग तरह का भावनात्मक सफर देखने को मिलेगा।
सृति झा और शब्बीर अहलूवालिया की जोड़ी पहले भी छोटे पर्दे पर अपनी खास पहचान बना चुकी है। दोनों कलाकार लोकप्रिय धारावाहिक ‘कुमकुम भाग्य’ में साथ नजर आ चुके हैं। इसके अलावा शो के पहले सीजन ‘ओ हमनवा! तुम देना साथ मेरा’ में सृति झा ने अपराजिता और शब्बीर अहलूवालिया ने रक्षित का किरदार निभाया था। उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था।
हालांकि, दूसरे सीजन में कहानी अपराजिता और रक्षित की जिंदगी को आगे बढ़ाने के बजाय नए किरदारों राधिका और कृष्ण के इर्द-गिर्द बुनी जाएगी। एक तरफ राधिका पेशे से वकील हैं, तो दूसरी तरफ कृष्ण एक मशहूर सुपरस्टार के रूप में नजर आएंगे। ऐसे में दोनों की जिंदगी किस तरह एक-दूसरे से जुड़ती है और उनकी कहानी क्या मोड़ लेती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
नए प्रोमो के सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इस जोड़ी को दोबारा देखने का उत्साह नजर आ रहा है। बदले हुए किरदारों और नई कहानी के साथ सृति झा और शब्बीर अहलूवालिया एक बार फिर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शो का दूसरा सीजन दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।


