पालघर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) कार्यक्रम में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने और बिना अनुमति ड्यूटी से नदारद रहने के आरोप में सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (AERO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बिना सूचना के ड्यूटी से गायब रहे अधिकारी
वसई पंचायत समिति के खंड शिक्षा अधिकारी (BDEO) श्री गोपाल चौधरी को 132-नालासोपारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए AERO नियुक्त किया गया था। आरोप है कि नियुक्ति के बाद उन्होंने न तो कोई काम संभाला और न ही किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली। बिना किसी पूर्व सूचना के वे अपने कर्तव्य से अनुपस्थित रहे, जिससे निर्वाचन संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य अधूरे रह गए और प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
जिलाधिकारी का कड़ा रुख, निलंबन के आदेश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसे चुनाव आयोग के नियमों का सीधा उल्लंघन माना। उन्होंने ‘लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950’ के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निलंबन का आदेश जारी करने के निर्देश दिए।
कड़ी चेतावनी: “विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चुनाव आयोग का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही, काम से जी चुराना या अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।” — जिला प्रशासन, पालघर