मासवण की सूर्या नदी में हुआ व्यावहारिक प्रशिक्षण, बाढ़ के दौरान सुरक्षित एवं त्वरित बचाव पर दिया गया जोर
पालघर। जिले में बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय खोज एवं बचाव दलों के लिए विशेष फ्लड रेस्क्यू प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र पालघर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम मासवण स्थित सूर्या नदी में आयोजित किया गया, जिसमें पालघर, जव्हार और डहाणू नगर परिषदों तथा तलासरी नगर पंचायत के खोज एवं बचाव दलों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को बाढ़ की स्थिति में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, आपात परिस्थितियों में बचाव अभियान संचालित करने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राहत कार्य को प्रभावी तरीके से अंजाम देने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही नदी में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम और एनडीआरएफ दल प्रमुख महेंद्रसिंग पुनिया सहित एनडीआरएफ की टीम मौजूद रही।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय आपदा प्रबंधन दलों की कार्यक्षमता को मजबूत करना और संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं समन्वित बचाव अभियान के लिए उन्हें तैयार करना है।




