तृप्ति प्रमाण | पालघर
पालघर लोकसभा क्षेत्र के बढ़ीव-वैतरणा क्षेत्र के निवासियों और स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा ने त्वरित प्रशासनिक पहल की है। 29 अगस्त 2026 को वैतरणा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्थायी पुल न होने के कारण नागरिक रेलवे ट्रैक के रास्ते जानलेवा आवागमन कर रहे हैं। इस गंभीर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए सांसद ने शासन स्तर पर मंत्रियों से मुलाकात कर ठोस समाधान की मांग की है।
पुल निर्माण और सर्वे की सिफारिश

सांसद सवरा ने पालघर के पालकमंत्री गणेश नाईक से भेंट कर बढ़ीव और वैतरणा को जोड़ने वाले पुल के निर्माण का मुद्दा प्राथमिकता से उठाया। उन्होंने पुल का तत्काल प्राक्कलन (Estimate) और सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। पुल निर्माण होने तक ग्रामीणों की आवाजाही के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
सुरक्षित यातायात के लिए जेटी सेवा का प्रस्ताव

इसके साथ ही सांसद ने बंदरगाह मंत्री नितेश राणे से मुलाकात कर बढ़ीव-वैतरणा के मध्य अविलंब जेटी सुविधा शुरू करने का निवेदन किया। जेटी सेवा चालू होने से आपातकालीन एंबुलेंस सेवाओं के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का परिवहन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। सांसद सवरा ने दोहराया कि क्षेत्र के किसी भी नागरिक की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और वे इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराएंगे।



