---Advertisement---

शीर्षक: पटना में 14 मई को सिविल डिफेंस मॉकड्रिल, शाम 7 बजे 15 मिनट तक रहेगा ब्लैकआउट |

---Advertisement---

पटना, तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद |
पटना जिला प्रशासन के निर्देश पर 14 मई 2026 को शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एवं मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित समय पर अपने आवास, दुकान एवं प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें।
जिलाधिकारी, पटना ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे आपस में समन्वय बनाते हुए मॉकड्रिल की त्रुटिहीन तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं, क्योंकि यह एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है जो हवाई हमला जैसी वास्तविक स्थिति में प्रशासनिक तंत्र की प्रभावशीलता का परीक्षण करने के लिए किया जा रहा है।
अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक सूचना पर दें विश्वास
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मॉकड्रिल के दौरान नागरिकों के लिए आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, आपातकालीन सेवाएं, पानी और बिजली आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
किन क्षेत्रों में होगी मॉकड्रिल?
नागरिक सुरक्षा निदेशालय के मानकों के अनुसार, यह अभ्यास पटना के निम्नलिखित शहरी क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा:
पटना नगर निगम क्षेत्र
नगर परिषदें
दानापुर निजामत
खगौल
फुलवारीशरीफ
सिमुलेशन स्थल और तैयारियां
मॉक अभ्यास के लिए पटना जिले में चार सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है:
पटना समाहरणालय
बिस्कोमान भवन
बाँकीपुर बस स्टैंड
आईजीआईएमएस (इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज)
इन स्थलों पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य तैयार किए गए हैं, जहाँ कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। पुलिस अधीक्षक यातायात को चिन्हित स्थलों पर यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
6 परिदृश्यों पर आधारित होगा अभ्यास
नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल के तहत छह मुख्य परिदृश्यों का निर्धारण किया गया है:
एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम
ब्लैकआउट उपाय
निकासी और आश्रय प्रबंधन
सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन
मेडिकल रिस्पांस और कैजुअल्टी निकासी
अग्निशमन अभ्यास
13 मई को होगा टेबल-टॉप एक्सरसाइज
मुख्य मॉकड्रिल से एक दिन पूर्व, यानी 13 मई को पटना समाहरणालय में हवाई हमला परिदृश्य पर आधारित टेबल-टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। 14 मई को हवाई हमला चेतावनी मिलने की स्थिति का सिमुलेशन करते हुए, निर्धारित समय पर दो मिनट तक नागरिक सुरक्षा सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही ब्लैकआउट प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में प्रशासनिक तंत्र की तैयारी का आकलन किया जाएगा, जो जन सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh