---Advertisement---

लालू यादव की खराब सेहत का हवाला देते हुए राबड़ी देवी ने सरकारी बंगला खाली करने के लिए मांगा एक माह का अतिरिक्त समय |

---Advertisement---

पटना (तृप्ति प्रमाण): बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास को खाली करने के लिए बिहार सरकार से एक माह का अतिरिक्त समय मांगा है। राज्य सरकार के भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी 15 दिनों की समय सीमा समाप्त होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है।

लालू यादव की स्वास्थ्य स्थिति का दिया हवाला

राबड़ी देवी ने पत्र में लालू प्रसाद यादव की खराब सेहत और संक्रमण के खतरे को मुख्य कारण बताया है। उनके अनुसार, जब लालू यादव गंभीर बीमारी के बाद पटना लौटे थे, तब उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति से इस सरकारी आवास में विशेष सुविधाओं से लैस एक कमरा तैयार कराया गया था। भवन निर्माण विभाग द्वारा भूतल पर बनाया गया यह कमरा लालू यादव की चिकित्सा आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया गया था।

स्थानांतरण को बताया स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण

राबड़ी देवी का तर्क है कि मौजूदा परिस्थितियों में लालू यादव को किसी अन्य आवास में स्थानांतरित करना उनकी सेहत के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। उन्होंने अनुरोध किया है कि जब तक नए आवास में समान चिकित्सा सुविधाएं और व्यवस्था नहीं कर दी जाती, तब तक उन्हें एक माह का अतिरिक्त समय दिया जाए।

2030 तक आवास आबंटन जारी रखने की मांग

पत्र में राबड़ी देवी ने एक और महत्वपूर्ण तर्क दिया है। उनका कहना है कि वह वर्तमान में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनका कार्यकाल वर्ष 2030 तक है। कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा प्राप्त नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उन्हें सरकारी आवास का अधिकार प्राप्त है। इसी आधार पर उन्होंने मौजूदा आवास का आबंटन वर्ष 2030 तक जारी रखने का भी अनुरोध किया है।

(तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh