सेवा संकल्प अभियान: 114 वरिष्ठ नागरिकों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 104 को मिलेंगे नि:शुल्क सहायक उपकरण |

Share:

नालासोपारा पूर्व में आयोजित जांच शिविर में जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों का चयन

वसई-विरार | रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

वसई-विरार शहर महानगरपालिका की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 2 अक्टूबर को नालासोपारा पूर्व स्थित प्रभाग समिति ‘डी’ कार्यालय में सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई।

यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। महानगरपालिका के समाज कल्याण एवं सामाजिक न्याय विभाग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के माध्यम से शिविर का आयोजन किया गया।

अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की शारीरिक समस्याओं और विशेष जरूरतों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण नि:शुल्क उपलब्ध कराना है।

114 वरिष्ठ नागरिकों की जांच

प्रभाग समिति ‘बी’, ‘डी’ और ‘एफ’ क्षेत्र के लिए आयोजित इस जांच शिविर में कुल 114 वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लिया। जांच के बाद इनमें से 104 पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों का विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए चयन किया गया।

चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र, चलने की छड़ी और ट्राइपॉड सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

महानगरपालिका के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत आगे अन्य प्रभाग समितियों के क्षेत्रों में भी इसी तरह के जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। पात्र वरिष्ठ नागरिकों को संबंधित संस्था के माध्यम से नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का दौरा

शिविर का आयोजन महापौर अजीव पाटील, उपमहापौर मार्शल लोपीस और आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में किया गया।

इस दौरान स्वास्थ्य समिति सभापति निलेश देशमुख, उपसभापति निशाद चोरघे, महिला एवं बाल कल्याण समिति सभापति बीना मायकल फुट्यार्डो, उपसभापति सुवर्णा अजित पाटील सहित नगरसेवक-नगरसेविकाओं और अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर का दौरा किया।

शिविर में उपआयुक्त डॉ. करुणा जुईकर, सहायक आयुक्त नीलाक्षी पाटील, संबंधित प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्त, एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी वरिष्ठ नागरिक और महानगरपालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण
स्थान: वसई-विरार, पालघर

Share: