बरेली/मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से नवागंतुक प्रभारी निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने पदभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिसिंग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
पत्रकारों से दूरभाष पर हुई बातचीत में थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं होगा, जबकि आम नागरिकों और बेगुनाह लोगों को सुरक्षा एवं सम्मान उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
थाने में ही पीड़ितों की समस्याओं के समाधान पर जोर
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाएगी। उनका कहना है कि छोटे-छोटे मामलों में फरियादियों को उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए थाना स्तर पर ही शिकायतों का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए मित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देने की बात भी कही।
पदभार संभालते ही समीक्षा बैठक
कार्यभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी ने चौकी प्रभारियों और हल्का दरोगाओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र के चिन्हित अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों की सूची अपडेट करने तथा उन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा पूर्व में हुई अनसुलझी घटनाओं और चोरी की वारदातों के जल्द खुलासे के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय करने की बात कही।
महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
महिला सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी ने कहा कि शासन और उच्चाधिकारियों की प्राथमिकताओं के अनुरूप एंटी रोमियो स्क्वाड को और प्रभावी बनाया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी और आवश्यकता के अनुसार सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत
थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने अपनी कार्यशैली को लेकर जीरो टॉलरेंस, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति को गरीब या असहाय व्यक्ति का उत्पीड़न करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच करेगी और निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई से बचा जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कानून के दायरे में गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी कार्रवाई किए जाने की बात भी उन्होंने कही।
अंत में थाना प्रभारी ने क्षेत्र के नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह करते हुए कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
संवाददाता: लादेन मंसूरी




