प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र, बिहार के लिए विशेष पैकेज और तत्काल राहत की मांग
पटना। बिहार में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और राज्य के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में विफल रही है और केंद्र से बिहार को अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है।
हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर
तेजस्वी यादव के मुताबिक, बिहार के कई जिले भीषण बाढ़ से प्रभावित हैं और हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिली है।
2007 की बाढ़ का किया जिक्र
राजद नेता ने वर्ष 2007 की बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बिहार पहुंचे थे और राहत के लिए आर्थिक सहायता दी गई थी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उस समय केंद्र सरकार ने आपदा की गंभीरता को समझते हुए बिहार के प्रति संवेदनशीलता दिखाई थी।
सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों पर भी साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने बिहार के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने बिहार के 30 से अधिक सांसदों और 7 केंद्रीय मंत्रियों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राजनीतिक ताकत होने के बावजूद बिहार के लिए केंद्र से पर्याप्त विशेष सहायता क्यों नहीं लाई जा सकी।
राजनीति से ऊपर उठकर राहत देने की अपील
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बाढ़ जैसी गंभीर आपदा से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ विनोद प्रसाद की रिपोर्ट।



