वैतरणा में रेलवे ट्रैक पार करते वक्त हुआ हादसा
पालघर जिले के वैतरणा क्षेत्र में एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है, जहां रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। यह भयावह हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे नवीन वैतरणा रेलवे ट्रैक पर उस वक्त हुआ, जब युवक काम के सिलसिले में विरार की तरफ जाने के लिए ट्रैक पार कर रहा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृतक युवक की पहचान जांभूळपाड़ा (वैतरणा) निवासी गौरव विलास पाटील (25) के रूप में हुई है। पालघर से विरार दिशा की ओर आ रही तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए विरार के संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मांडवी पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही मांडवी पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके का मुआयना किया और आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच कर रही है। युवक की मौत से जांभूळपाड़ा इलाके में मातम छाया हुआ है।