---Advertisement---

वसई-विरार में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, अधिकारियों का प्रशिक्षण अभियान शुरू |

---Advertisement---

वसई-विरार शहर महानगरपालिका ने आगामी जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए तैयारियों में तेजी ला दी है। इसी क्रम में 27 अप्रैल से शुरू हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 मई तक चलेगा। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें फील्ड ट्रेनर्स द्वारा पर्यवेक्षकों और प्रगणना कर्मियों को व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
मनपा के नौ प्रभागों में चिन्हित स्कूलों और कॉलेजों में ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए गए हैं। इस बड़े अभियान के लिए पूरे क्षेत्र में एक मास्टर ट्रेनर, 91 फील्ड ट्रेनर्स, 717 सुपरवाइजर और 4298 प्रगणना कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रभाग समिति ‘डी’ (आचोले) में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एक मई से शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाड़े, उप आयुक्त एवं शहर जनगणना अधिकारी हर्षला राणे, प्रभाग सहायक आयुक्त महेश पाटील सहित कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि जनगणना 2027 भारत की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में मोबाइल एप्लिकेशन के सही उपयोग, सरल प्रश्नावली भरने की विधि और डेटा सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मनपा प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण के बाद प्रगणना कर्मी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य शुरू करेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें।

तृप्ति प्रमाण। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक संवाददाता: साहिल यादव

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh