8,068 गणेश प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन, 7,189 प्रतिमाएं कृत्रिम तालाबों में विसर्जित
वसई-विरार। वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को पांच दिवसीय गणपति बप्पा का विसर्जन उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव को लेकर महानगरपालिका की ओर से की गई अपील का नागरिकों पर असर देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक जलस्रोतों के बजाय महानगरपालिका द्वारा तैयार किए गए कृत्रिम तालाबों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
पांच दिवसीय गणपति विसर्जन के दौरान महानगरपालिका क्षेत्र में कुल 8,068 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें से 7,189 प्रतिमाओं का विसर्जन महानगरपालिका द्वारा बनाए गए कृत्रिम तालाबों में किया गया।
वहीं, 879 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जेटी, चलित हौद और बंद पत्थर खदानों में बनाए गए निर्धारित विसर्जन स्थलों पर किया गया।
कुल विसर्जित प्रतिमाओं में 7,523 घरेलू और 545 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं शामिल रहीं।

विसर्जन स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएं
महानगरपालिका की ओर से कृत्रिम तालाबों और विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। इनमें मंडप, आरती स्थल, रोशनी, मूर्ति संकलन केंद्र, निर्माल्य कलश, मेडिकल सहायता कक्ष और CCTV कैमरे जैसी सुविधाएं शामिल थीं।
इसके अलावा नागरिकों को अपने नजदीकी विसर्जन स्थल की जानकारी आसानी से मिल सके और वहां पहुंचने का मार्ग पता चल सके, इसके लिए QR कोड के माध्यम से Google Location की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर
महापौर अजीव पाटील और आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. के मार्गदर्शन में की गई व्यवस्थाओं तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए गए जनजागरण अभियान को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला।

महानगरपालिका ने आगामी गणपति विसर्जन के दौरान भी नागरिकों से कृत्रिम तालाबों को प्राथमिकता देने और प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की है।
इस पहल का उद्देश्य गणेशोत्सव की धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना है।




