वसई-विरार में सड़क सुरक्षा के इंतजामों की खुली पोल, पांच महीने में गायब हुए सफेद निशान |

Share:

ओमकार एंटरप्राइजेज को मिला था मार्किंग का ठेका, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र ढगे ने उठाई गुणवत्ता जांच और खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग

वसई : वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़कों पर कराई गई मार्किंग की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। काम पूरा होने के महज पांच महीने के भीतर शहर की कई सड़कों और स्पीड ब्रेकर पर बनाए गए सफेद निशान मिट गए हैं। इससे ठेकेदार के काम की गुणवत्ता के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सितंबर 2025 में महानगरपालिका ने शहर के प्रमुख रास्तों पर यातायात संबंधी निशान बनाने, स्पीड ब्रेकर को सफेद रंग से चिह्नित करने तथा दिशासूचक और सूचना बोर्ड लगाने का काम मेसर्स ओमकार एंटरप्राइजेज को सौंपा था। हालांकि, कम समय में ही कई स्थानों पर मार्किंग खराब होने से काम की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र ढगे ने इस परियोजना से संबंधित जानकारी मांगते हुए इस्तेमाल की गई सामग्री, मार्किंग का कुल क्षेत्रफल, रंग की परत की मोटाई और गुणवत्ता प्रमाणपत्र का विवरण मांगा था। हालांकि, प्रशासन की ओर से उन्हें केवल कार्यादेश की प्रति उपलब्ध कराई गई। इसके बाद उन्होंने परियोजना का पूरा तकनीकी और आर्थिक रिकॉर्ड सार्वजनिक करने तथा स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

इस संबंध में प्रभाग समिति ‘जी’ के निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि ठेकेदार का भुगतान फिलहाल लंबित है। विभाग के अनुसार, जांच में खामियां सामने आने पर दोबारा मार्किंग कराई जाएगी।

सामान्य तौर पर निर्धारित मानकों के अनुसार हॉट थर्मोप्लास्टिक मार्किंग की अवधि 2 से 3 वर्ष और कोल्ड प्लास्टिक मार्किंग की अवधि 3 से 5 वर्ष बताई जाती है। ऐसे में यदि पांच महीने के भीतर ही सड़क पर बने निशान मिट रहे हैं, तो इस्तेमाल की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच जरूरी हो जाती है।

अब सवाल यह है कि सड़क मार्किंग के लिए किस प्रकार की सामग्री इस्तेमाल की गई थी, काम पर कितना खर्च हुआ और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया या नहीं। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र ढगे ने इन सभी सवालों का जवाब देने के लिए प्रशासन से पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

Share: