विरार (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)। महाराष्ट्र राज्य क्रीड़ा एवं युवक संचालनालय, पालघर जिला क्रीड़ा परिषद तथा वसई-विरार शहर महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय स्कूली एवं कॉलेज सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। विरार पश्चिम के बोळींज स्थित म्हाडा ग्राउंड में आयोजित इस खेल महोत्सव का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।

86 टीमों के 1376 खिलाड़ी मैदान में
इस वर्ष आयोजित इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता में वसई-विरार मनपा क्षेत्र से कुल 86 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 1,376 उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट का आयोजन अंडर-15 (बालक श्रेणी) तथा अंडर-17 (बालक एवं बालिका दोनों वर्ग) में किया जा रहा है। यह स्पर्धा 1 अगस्त से 5 अगस्त 2026 तक संचालित होगी।

खेल से होता है सर्वांगीण विकास: मनपा आयुक्त
उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक छात्र को किसी न किसी खेल गतिविधि में अवश्य भाग लेना चाहिए। वहीं उपमहापौर मार्शल लोपीस ने कहा कि इस तरह के जमीनी स्तर के आयोजन खिलाड़ियों को आगे चलकर राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर नाम रोशन करने का अवसर प्रदान करते हैं।

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए मनपा प्रतिबद्ध
महापौर अजीव पाटील ने अपने संबोधन में कहा कि महानगरपालिका स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों और शिक्षकों से प्रतियोगिता के स्तर को और बेहतर बनाने हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत में आयुक्त ने टॉस की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसके बाद महापौर एवं आयुक्त ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का आधिकारिक शुभारंभ किया। टूर्नामेंट के पहले दिन विभिन्न वर्गों की कुल 20 टीमों ने अपने-अपने मुकाबले खेले।

न्यूज पोर्टल: तृप्ति प्रमाण




