नालासोपारा (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो)। पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित वाकनपाड़ा इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ 20 वर्षीय युवक अरमान मुकीम सिद्दीकी की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आकस्मिक मृत्यु (ADR) के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की तड़के करीब 4:10 बजे मृतक के परिजनों को खबर मिली कि अरमान अपने काम पर जाने के लिए निकला था, तभी रास्ते में अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए वसई-विरार महानगरपालिका के विजयनगर (नागिनदास) स्थित तुलिंज रोड अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिर पर मिले चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मृतक के पिता मुकीम मोहम्मद सिद्दीकी ने पुलिस को दी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक के सिर पर चोट का निशान पाया गया है, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह क्या रही, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मांडवी थाना पुलिस ने इस संबंध में एडीआर संख्या 34/2026 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की बारीकी से जांच पुलिस अधिकारी नीतिन चौधरी के दिशा-निर्देशन में की जा रही है।
न्यूज पोर्टल: तृप्ति प्रमाण