पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने किया चक्का जाम, दो घंटे बाद पुलिस ने हटाया प्रदर्शन |

Share:

जौनपुर। पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिकारपुर पुलिस चौकी का घेराव कर जौनपुर-खुटहन और जौनपुर-बैजारामपुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब 50 ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन बहाल कराया गया।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में सात सितंबर को एक युवती से दुराचार का मामला सामने आया था। इसी मामले में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पीड़ित पक्ष के लोग ग्रामीणों के साथ शिकारपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे। उन्होंने चौकी का घेराव करते हुए पुलिस पर मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शिकारपुर तिराहे पर दोनों मार्गों पर चक्का जाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बजाय कार्रवाई में हीलाहवाली की जा रही है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर प्रशासन में खलबली मच गई। उप जिलाधिकारी के साथ खेतासराय, लाइन बाजार, खुटहन और सरायख्वाजा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

हालांकि, प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत और समझाने का प्रयास चलता रहा। करीब 11:30 बजे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को सड़क से हटाया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन शुरू कराया जा सका।

प्रदर्शन के दौरान शीला देवी, सीता देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *