केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और संजय निरुपम समेत सैकड़ों लोगों ने की सहभागिता, जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित
मुंबई, 17 सितंबर। विश्वकर्मा समाज के पारंपरिक हुनर, श्रम और निर्माण क्षेत्र में योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मुंबई में ‘विश्वकर्मा महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम सहित विश्वकर्मा समाज के बड़ी संख्या में सदस्य, फर्नीचर कारपेंटर, इंटीरियर कॉन्ट्रैक्टर्स और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
जरूरतमंद महिलाओं को बांटी गईं सिलाई मशीनें
कार्यक्रम का आयोजन एवरेस्ट प्लाई एंड विनियर्स प्रा. लिमिटेड की ओर से किया गया। महोत्सव के दौरान समाज की जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। आयोजकों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के हाथों यह वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने और परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।
कारपेंटर और इंटीरियर क्षेत्र के कामगारों का सम्मान
महोत्सव में फर्नीचर और इंटीरियर क्षेत्र से जुड़े कारपेंटरों तथा इंटीरियर कॉन्ट्रैक्टर्स के योगदान को भी रेखांकित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कामगारों और क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एवरेस्ट प्लाई एंड विनियर्स प्रा. लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अमन गर्ग, डायरेक्टर पायल गर्ग, डायरेक्टर रमेश राजहरिया तथा जी.एस. लखोटिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पीयूष गोयल और संजय निरुपम को सम्मान
विश्वकर्मा समाज की ओर से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को ‘विश्वकर्मा उद्योग गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। वहीं संजय निरुपम को ‘विश्वकर्मा समाज गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विश्वकर्मा समाज की ओर से उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए ‘विश्वकर्मा रत्न सम्मान’ समर्पित किया गया। आयोजकों ने इसे विश्वकर्मा समाज के शिल्प, कौशल और श्रम को प्रोत्साहन देने वाली पहलों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति बताया।
कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विश्वकर्मा समाज के शिल्पकारों और कामगारों के पारंपरिक कौशल तथा निर्माण क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया।
वक्ताओं के अनुसार, ऐसे आयोजनों के माध्यम से कामगारों, शिल्पकारों, उद्यमियों और महिलाओं के योगदान को पहचान देने के साथ युवाओं को कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाता है।
बाबूलाल विश्वकर्मा ने किया संयोजन
विश्वकर्मा महोत्सव 2026 का संयोजन बाबूलाल विश्वकर्मा ने किया। आयोजन को Interior Contractor & Workers Rights Association (ICWRA) का सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, कौशल, सम्मान और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ हुआ।
ब्यूरो चीफ: राजेश कोरी
संवाददाता: शिव कुमार विश्वकर्मा
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’




