पत्रकारों से अभद्रता और धमकी देने का आरोप, थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग |

Share:

मैनाठेर के पत्रकारों ने एसएसपी को सौंपा शिकायती पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग

मैनाठेर (मुरादाबाद)। थाना मैनाठेर के प्रभारी निरीक्षक किरणपाल सिंह पर दो पत्रकारों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पत्रकारों की ओर से रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर को पत्रकार पप्पू उर्फ मुजाहिर हुसैन, निवासी चक फाजलपुर, कुंदरकी और राहुल सागर, निवासी गुरेर, थाना मैनाठेर, एक समाचार के सिलसिले में थाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी ने दोनों पत्रकारों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी है। उन्होंने इस मामले को पत्रकारों के साथ व्यवहार और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा विषय बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पत्रकारों ने मांग की है कि जांच में यदि संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए।

फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर पुलिस अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले में एसएसपी स्तर से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

संवाददाता : अंकित पाल, मुरादाबाद

Share: