सुरुची बीच पर 15 वर्षीय अंकित गुप्ता की तलाश जारी, 72 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग |

Share:

वसई। वसई के सुरुची बीच पर गणेश चतुर्थी के दिन हुई घटना के बाद 15 वर्षीय अंकित गुप्ता की तलाश 72 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद जारी है। अंकित के लापता होने के बाद उसके परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को अंकित अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने के लिए सुरुची बीच पहुंचा था। इसी दौरान फुटबॉल समुद्र के पानी में चला गया। उसे वापस लाने के लिए अंकित समुद्र में उतरा, लेकिन तेज लहरों और पानी के बहाव की चपेट में आने के बाद उसके बह जाने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंकित की तलाश शुरू कर दी गई। 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। संबंधित बचाव दल और प्रशासन की ओर से उसकी तलाश के लिए अभियान जारी होने की जानकारी है।

अंकित के परिवार को अब भी उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद है। समुद्र में तेज लहरों और बहाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से नागरिकों से समुद्र के किनारे विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

अपील: समुद्र में तेज लहरों या ऊंचे ज्वार के दौरान पानी में उतरने से बचें और बच्चों को समुद्र के किनारे अकेला न जाने दें।

Share: