नालासोपारा में 90 फीट के ‘सम्राट’ गणपति का भव्य दर्शन, महाप्रसाद में उमड़ी भक्तों की भीड़ |

Share:

त्रिमूर्ति मित्र मंडल के आयोजन में 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

नालासोपारा। नालासोपारा पूर्व के जीजाई नगर में त्रिमूर्ति मित्र मंडल द्वारा स्थापित 90 फीट ऊंची भव्य ‘सम्राट’ गणपति प्रतिमा इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।

छठे दिन भव्य महाप्रसाद भंडारे का आयोजन

गणेशोत्सव के छठे दिन श्रद्धालुओं के लिए भव्य महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन भाजपा नगरसेवक पंकज देशमुख एवं किशोर पाटिल की ओर से, मनी नाडर तथा मंडल के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया।

आयोजकों के अनुसार, महाप्रसाद में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते पूरे परिसर में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

90 फीट ऊंची विशाल गणपति प्रतिमा के दर्शन और महाप्रसाद भंडारे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

गणेशोत्सव के दौरान त्रिमूर्ति मित्र मंडल का यह आयोजन धार्मिक कार्यक्रम के साथ सामाजिक सहभागिता का भी अवसर बना। श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, मंगलमूर्ति मोरया” के जयघोष के बीच बप्पा के दर्शन किए।

Share: