SIR के विरोध में वसई-विरार कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग |

Share:

नालासोपारा पश्चिम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, SIR प्रक्रिया रद्द करने की मांग

वसई-विरार: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया के विरोध में वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नालासोपारा पश्चिम स्थित वसई प्रांत कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

जिलाध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि इस प्रक्रिया से बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैप्टन निलेश पेंढारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस मुद्दे के लिए जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के प्रेस नोट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतले को जूते-चप्पलों से मारने के बाद सड़क पर दहन किया।

कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने, चुनाव आयोग की भूमिका की जांच करने तथा मतदाता सूची में किसी भी संशोधन के दौरान नागरिकों के मतदान अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर SIR-2026 से संबंधित दावे एवं आपत्तियां, ड्राफ्ट मतदाता सूची, ASDD सूची और SIR संबंधी निर्देश उपलब्ध हैं।

प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश कांबले, डॉमिनिक डिमेलो, प्रदेश सचिव रुपेश रॉड्रिक्स, जिला महासचिव किरण शिंदे, कार्याध्यक्ष रतन तिवारी, संदीप कनोजिया, कुलदीप वर्तक, अश्रफ अली, अर्शद डबरे, रफिक शेख, साजिद सय्यद, प्रिन्सली घोंसालवीस, रेनॉल्ड लोपीस, संजय मीना, भीमराव पेटकर, वेल्फ्रेड डिसोझा, रेक्स परेरा, अल्फ्रेड रेपेसो, इस्माईल शेख, सोहेल चौधरी, प्रवीण चौधरी, जयेंद्र कदम, राधा अय्यर, प्रकाश पाटील, सतीश तांबे, बाबा पाटील, मनाली ताई, सुनील कुमार यादव, राजकुमार यादव, अशोक शर्मा, विकास सिंग और सज्जाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’

Share: