मस्टर स्टेशन पर मेडिकल टीम तैनात करने सहित महाराष्ट्र म्युनिसिपल कामगार यूनियन ने सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन
वसई-विरार: प्रभाग समिति ‘ई’, वार्ड क्रमांक 13 के सफाई कर्मचारियों के मस्टर स्टेशन पर डेंग्यू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र म्युनिसिपल कामगार यूनियन ने महानगरपालिका प्रशासन को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है।
यूनियन के पालघर जिला संगठक कॉ. शेरू वाघ ने 12 वर्षों से सेवा दे रहे सफाई कर्मचारी हितेश दत्तात्रेय नाईक को डेंग्यू होने के कारण ली गई 15 दिनों की छुट्टी को सवेतन मेडिकल लीव के रूप में मंजूर करने की मांग की है।
यूनियन का कहना है कि मस्टर स्टेशन के आसपास पानी जमा होने, कचरे और गंदगी के कारण सफाई कर्मचारियों में डेंग्यू, मलेरिया, चिकनगुनिया और लेप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा उपकरणों की मांग
यूनियन ने सभी सफाई कर्मचारियों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कराने तथा मस्टर स्टेशन पर डॉक्टर और स्वास्थ्य टीम तैनात करने की मांग की है। इसके अलावा क्षेत्र में नियमित फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराने की भी मांग रखी गई है।
सफाई कर्मचारियों के लिए दस्ताने, मास्क, गमबूट और अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
इस बीच उपमहापौर मार्शल लोपीस ने सफाई कर्मचारियों की तत्काल नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
यूनियन ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन और धरना किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ श्रम अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने की चेतावनी भी दी गई है।
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक ‘तृप्ति प्रमाण’




