वसई: वसई-विरार शहर महानगरपालिका के नवघर-माणिकपुर प्रभाग क्रमांक एच विभाग के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार सुबह से विभिन्न मांगों को लेकर कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि समय पर वेतन नहीं मिलने सहित कई समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन और संबंधित ठेकेदार से कई बार मांग की गई, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि आंदोलन में 150 से अधिक सफाई कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समय पर वेतन का भुगतान, वार्षिक छुट्टियों के दौरान होने वाली वेतन कटौती बंद करना और दिवाली के दौरान मिलने वाले बोनस के संबंध में स्पष्ट जानकारी देना शामिल है।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों ने अपनी अन्य लंबित मांगों को भी तत्काल पूरा करने की मांग की है।
कर्मचारियों के अनुसार, उनकी समस्याओं को लेकर प्रशासन और संबंधित ठेकेदार का कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन जब अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें कामबंद आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और ठेकेदार की ओर से उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा।
कामबंद आंदोलन के कारण नवघर-माणिकपुर के संबंधित प्रभाग में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।




