विशेष लेख | लेखक: विनोद प्रसाद, पटना
सूर्योपासना का पावन महापर्व छठ हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह मुख्य रूप से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में मनाया जाता है। हालांकि, इस पर्व से जुड़ी आस्था और मान्यताओं के कारण अब देश के लगभग सभी हिस्सों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले भारतीय मूल के लोग भी इसे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। विशेष रूप से महिलाएं परिवार की खुशहाली और संतान की मंगलकामना के लिए यह कठिन व्रत करती हैं।
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक छठ महापर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है, जो दीपावली के छह दिन बाद आती है। कार्तिक मास का धार्मिक महत्व बहुत अधिक माना जाता है। इस महीने में अनेक परिवार तामसिक भोजन से परहेज करते हैं। मांस-मछली के साथ प्याज और लहसुन का सेवन भी नहीं करते। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास में सूर्य दक्षिणायन रहते हैं। चैत्र शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को भी छठ पर्व मनाया जाता है, जिसे ‘चैती छठ’ कहा जाता है।
छठ पर्व भगवान सूर्य और प्रकृति की उपासना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण लोकपर्व है। इसे वैदिक परंपरा से जुड़ा प्राचीन पर्व माना जाता है। महाभारत और रामायण से जुड़ी कथाओं में भी छठ पूजा का उल्लेख मिलता है। एक मान्यता के अनुसार, जब पांडव अपना राजपाट जुए में हार गए थे, तब द्रौपदी ने परिवार के कल्याण के लिए चार दिनों तक यह व्रत किया था। कुछ कथाओं में माता सीता द्वारा भी छठ पर्व किए जाने की मान्यता मिलती है।
छठ पर्व की शुरुआत और महत्व को लेकर पुराणों में कई कथाएं प्रचलित हैं। इनमें राजा प्रियव्रत से जुड़ी कथा विशेष रूप से लोकप्रिय है।
राजा प्रियव्रत और षष्ठी माता की पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी की कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति की इच्छा से दोनों महर्षि कश्यप के पास पहुंचे। महर्षि कश्यप ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। इसके फलस्वरूप रानी गर्भवती हुईं, लेकिन नौ महीने बाद उन्होंने जिस पुत्र को जन्म दिया, वह मृत पैदा हुआ।
इस घटना से राजा और रानी अत्यंत दुखी हो गए। संतान शोक में राजा ने अपने पुत्र के साथ श्मशान में ही प्राण त्यागने का मन बना लिया। जैसे ही राजा ने आत्महत्या करने का प्रयास किया, वहां एक देवी प्रकट हुईं। पौराणिक मान्यता के अनुसार, वे मानस पुत्री देवसेना थीं।
देवी ने राजा से कहा कि वे सृष्टि की मूल प्रकृति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने अपना परिचय षष्ठी देवी के रूप में देते हुए कहा कि वे निःसंतान को संतान, निर्धन को धन, रोगी को निरोगी काया और कर्मशील व्यक्ति को उसके कर्मों का फल प्रदान करती हैं।
इसके बाद राजा ने षष्ठी माता की पूजा की। मान्यता है कि माता की कृपा से उनका पुत्र जीवित हो गया। तभी से संतान की कामना और परिवार के कल्याण के लिए लोग पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ छठ महापर्व मनाते आ रहे हैं।
छठी माता से संतान और परिवार की खुशहाली की कामना लोकगीतों में भी दिखाई देती है। एक प्रचलित गीत की पंक्तियां हैं—
“घोड़वा चढ़न के बेटा मांगिले, गोड़वा लगन के पुतोह, हे छठी मइया दर्शन दीन्हीं आपन,
रूनुकी-झुनुकी बेटी मांगिले, पढ़ल पंडितवा दामाद, हे छठी मइया लालसा पूरन हो हमार…”
लोकमान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ यह व्रत करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। कुछ परंपरागत मान्यताओं में कुष्ठ और सफेद दाग जैसे रोगों से मुक्ति की बात भी कही जाती है। हालांकि, ऐसी मान्यताओं को चिकित्सा का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
छठ पूजा के अनुष्ठान में शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। परंपरागत रूप से पूजा के दौरान पुरुष व्रती धोती और महिला व्रती साड़ी पहनते हैं। कई परिवारों में सिले-सिलाए वस्त्रों के स्थान पर पारंपरिक वस्त्र पहनने की परंपरा निभाई जाती है।
छठ घाटों पर उमड़ती है श्रद्धा और आस्था
छठ पर्व मनाने के लिए श्रद्धालु सूर्य मंदिरों, गंगा और अन्य पवित्र नदियों के घाटों पर पहुंचते हैं। इसके अलावा पोखरों, तालाबों और कृत्रिम जलाशयों के किनारे भी साफ-सुथरे घाट तैयार किए जाते हैं। इन्हीं स्थानों पर व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
आजकल भीड़ से बचने के लिए कई परिवार घरों की छतों पर भी अर्घ्य देने की व्यवस्था करते हैं। हालांकि, छठ घाटों पर पर्व का सामूहिक और सामाजिक उत्साह अलग ही दिखाई देता है। गांव, कस्बे और शहर के लोग एक स्थान पर एकत्रित होते हैं। लाउडस्पीकरों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहते हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
चार दिनों तक चलता है छठ का कठिन अनुष्ठान
लोक आस्था का यह महापर्व चार दिनों तक चलता है। इसकी शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है और समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होता है।
पहला दिन: नहाय-खाय
छठ पूजा का पहला दिन ‘नहाय-खाय’ कहलाता है। इस दिन व्रती गंगा या किसी पवित्र जलाशय में स्नान कर शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।
इस दिन मुख्य रूप से अरवा चावल, चना और कद्दू यानी लौकी की सब्जी तैयार की जाती है। भोजन सेंधा नमक से और पूरी शुद्धता के साथ बनाया जाता है। व्रती भगवान सूर्य की आराधना करते हुए इस महान अनुष्ठान के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना करते हैं। भोजन ग्रहण करने के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार के सदस्यों और ईष्ट-मित्रों में भी बांटा जाता है।
दूसरा दिन: खरना या लोहंडा
अनुष्ठान के दूसरे दिन को ‘खरना’ कहा जाता है। इसे लोहंडा भी कहते हैं। इस दिन व्रती संध्या के समय स्नान कर पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार करते हैं।
खरना के विशेष प्रसाद में गाय के दूध और गुड़ अथवा गन्ने के रस से खीर बनाई जाती है। इसमें इच्छानुसार सूखे मेवे भी मिलाए जाते हैं। इसके साथ घी से चुपड़ी गेहूं के आटे की रोटियां और चावल के आटे का पिट्ठा भी तैयार किया जाता है। परंपरागत रूप से प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर बनाया जाता है।
शाम को पूजा-अर्चना के बाद छठी माता और भगवान भास्कर को प्रसाद अर्पित किया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना का प्रसाद परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में भी बांटा जाता है। इस दिन लोग व्रतधारी के घर या घाट पर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।
खरना के बाद व्रती लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं, जिसमें अन्न और जल ग्रहण नहीं किया जाता। यह व्रत शारीरिक रूप से कठिन होता है। कुछ स्थानों पर खरना के प्रसाद में चावल और सेंधा नमक से बनी दाल देने की भी परंपरा है।
तीसरा दिन: संध्या अर्घ्य
तीसरे दिन की सुबह से ही व्रती और उनके परिजन मुख्य प्रसाद ‘ठेकुआ’ तैयार करने में जुट जाते हैं। ठेकुआ गेहूं के आटे और गुड़ से बनाया जाता है तथा परंपरागत रूप से शुद्ध घी में तला जाता है।
अर्घ्य के लिए बांस या पीतल के सूप में विभिन्न प्रकार के फल और पूजा सामग्री रखी जाती है। इनमें केला, सेब, संतरा, शरीफा, अमरूद, सिंघाड़ा, घघरा नींबू, पानी वाला नारियल, ईख, अनानास, त्रिफला, सुथनी, शकरकंद, पत्ते वाली हल्दी और अदरक शामिल होते हैं। इसके साथ ठेकुआ और चावल के आटे से बना पिट्ठा भी रखा जाता है।
पूजा सामग्री में पान का पत्ता, तुलसीदल, बद्धी यानी धागे की माला और आलता भी रखा जाता है। सभी सूपों को बांस से बनी बड़ी टोकरी में सजाया जाता है। टोकरी पर अक्षत, सिंदूर और चावल के आटे का लेप लगाया जाता है। मिट्टी के दीपक में घी की बाती और धूप जलाकर पूजा की तैयारी की जाती है।
सूपों से भरी टोकरी को व्रती के परिजन सिर पर उठाकर नंगे पांव छठ घाट तक पहुंचाते हैं। संध्या के समय सूर्यास्त से पहले व्रती जल में उतरते हैं और स्नान के बाद भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। परंपरा के अनुसार, महिला व्रती अपनी मांग में सिंदूर लगाती हैं। इसके बाद व्रती प्रसाद से सजे सूपों के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
छठ पर्व की सबसे खास विशेषताओं में से एक डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देना है। जहां अनेक पूजा-पर्वों में उगते सूर्य की उपासना की जाती है, वहीं छठ में अस्ताचलगामी सूर्य को भी श्रद्धापूर्वक अर्घ्य दिया जाता है।
कोसी भरने की परंपरा
जिन श्रद्धालुओं की मन्नत पूरी होती है, उनमें से कुछ लोग कोसी भरने का संकल्प पूरा करते हैं। यह छठ की एक महत्वपूर्ण पारंपरिक रस्म है।
इसमें चार या सात गन्नों से छत्र बनाया जाता है। लाल कपड़े में ठेकुआ, फल और केराव आदि रखकर बांधा जाता है। छत्र के भीतर मिट्टी से बना हाथी रखा जाता है और उसके ऊपर मिट्टी का घड़ा रखा जाता है। हाथी पर सिंदूर लगाया जाता है तथा घड़े को ठेकुआ, अदरक, सुथनी और मौसमी फलों से भरा जाता है।
कोसी के चारों ओर अर्घ्य सामग्री से भरे सूप रखे जाते हैं। धूप-दीप जलाकर पूजा की जाती है और परिवार के लोग सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कोसी भरने की रात परिवार के सदस्य जागकर पूजा करते हैं और महिलाएं छठ के पारंपरिक गीत गाती हैं। अगले दिन सुबह अर्घ्य के समय घाट पर भी इस परंपरा को निभाया जाता है।
छठ गीतों से भक्तिमय होता है वातावरण
छठ पर्व में पारंपरिक लोकगीतों का विशेष महत्व है। महिलाएं पूजा के दौरान कई पीढ़ियों से चले आ रहे गीत गाती हैं। इन गीतों में भगवान सूर्य, छठी माता, परिवार, संतान और सुख-समृद्धि की कामना व्यक्त होती है।
एक प्रसिद्ध लोकगीत की पंक्तियां हैं—
“कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए,
नारियलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुग्गा मेड़राए,
केलवा के पात पर उगेलन सूरज देव…”
इसके अलावा “जोड़-जोड़े नारियल तोहे चढ़ैवो ना मइया”, “उगऽ हे सूरज देव भईले भिनसरवा” जैसे अनेक पारंपरिक गीत छठ घाटों पर गूंजते हैं। इन गीतों से वातावरण भक्तिमय बन जाता है और व्रतियों की आस्था और उत्साह और बढ़ जाता है।
चौथा दिन: उषा अर्घ्य और व्रत का समापन
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसके लिए भोर होने से पहले ही व्रती और उनके परिजन छठ घाटों पर एकत्रित हो जाते हैं। कुछ श्रद्धालु घाटों पर ही रात्रि विश्राम करते हैं।
सूर्योदय से पहले व्रती स्नान कर जल में खड़े होकर भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा करते हैं। जैसे ही आकाश में सूर्य की लालिमा दिखाई देती है, अर्घ्य देने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
व्रती प्रसाद से भरे सूप को लेकर पानी के भीतर परिक्रमा करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान वे अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगते हैं और परिवार सहित सभी लोगों की खुशहाली की कामना करते हैं।
अर्घ्य के बाद पारंपरिक तरीके से अदरक का एक टुकड़ा ग्रहण कर और नींबू-शक्कर का शर्बत पीकर व्रत का पारण किया जाता है। घाट पर छठ का प्रसाद पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। ठेकुआ और फल को प्रसाद के रूप में ग्रहण करना इस पर्व का खास हिस्सा है।
पारण के बाद घरों में चावल, दाल या कढ़ी, तरह-तरह की सब्जियां, लाल साग और कोहड़ा सहित कई व्यंजन बनाए जाते हैं। पूरा परिवार छठ पर्व के संपन्न होने की खुशी साझा करता है।
वर्ष 2026 में कार्तिक छठ की तिथियां
कार्तिक छठ महापर्व वर्ष 2026 में निम्नलिखित तिथियों पर मनाया जाएगा—
- 13 नवंबर 2026, शुक्रवार: नहाय-खाय
- 14 नवंबर 2026, शनिवार: खरना / लोहंडा
- 15 नवंबर 2026, रविवार: संध्या अर्घ्य
- 16 नवंबर 2026, सोमवार: उषा अर्घ्य
छठ पर घर लौटने की परंपरा और सामाजिक समरसता
बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जो लोग रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे शहरों में रहते हैं, वे इस पावन पर्व पर अपने घर लौटने की कोशिश करते हैं। इसके कारण छठ के समय ट्रेनों और हवाई जहाजों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।
छठ ऐसा पर्व है, जिसमें परिवार के सभी सदस्य एक जगह एकत्रित होते हैं। इस पर्व की एक विशेष पहचान सामाजिक समानता और सहयोग की भावना भी है। अमीर-गरीब और ऊंच-नीच का भेदभाव भुलाकर लोग एक-दूसरे की मदद करते हैं। यदि किसी व्रती को पूजा के लिए किसी सामग्री की कमी होती है या कोई असुविधा आती है, तो दूसरे श्रद्धालु सहयोग के लिए आगे आते हैं। कई स्थानों पर लोग व्रत और पूजा की सामग्री भी वितरित करते हैं।
इस तरह लोक आस्था का महापर्व छठ केवल सूर्योपासना और धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एवं पारिवारिक सौहार्द, सहयोग, स्वच्छता और समरसता का भी संदेश देता है।
— विनोद प्रसाद, पटना
ब्यूरो चीफ, तृप्ति प्रमाण


